साहिबगंज में सामूहिक दुष्कर्म के बाद नाबालिग की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

10/14/2020 1:19:01 PM

साहिबगंजः झारखंड में साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर हत्या किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि जिले के लखीपुर तियू टोला की रहने नाबालिग लड़की अपनी सहेली के साथ 9 अक्टूबर को मेला देखने गई थी।

इसी दौरान लड़की को उसके पूर्व प्रेमी ने किसी और लड़के के साथ देख लिया। इसके बाद पूर्व प्रेमी ने अपने चार साथियों के साथ लड़की और उसके साथ मौजूद लड़के को पकड़ लिया। लड़की की सहेली किसी तरह भागने में कामयाब रही। सूत्रों ने बताया कि आरोपियों ने लड़के के साथ मारपीट की और फिर उसे मौके से भगा दिया। लड़की को मेले से दूर सुनसान इलाके में ले जाकर कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया।

इसके बाद उसकी हत्या कर शव तालझारी गांव के पास ही लालमाटी खदान में बोरी में बंद कर फेंक दिया। मीडिया में मामला सामने आने के बाद मंगलवार को लड़की का शव कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 5 में से 4आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। गिरफ्तार 4 आरोपियों में तीन आरोपी नाबालिग हैं।

वहीं, पीड़तिा के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पंचायत में भी उन्हें न्याय नहीं मिला। इस बीच पुलिस अधीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा ने कहा कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है। दुष्कर्म की बात कही जा रही है। पोस्टमॉटर्म के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

Diksha kanojia