JMM, कांग्रेस और BJP सहित कई राजनीतिक दलों ने रामविलास के निधन पर जताया शोक

10/9/2020 12:46:32 PM

 

रांचीः झारखंड में झामुमो, कांग्रेस और मुख्य विपक्षी भाजपा सहित कई राजनीतिक दलों ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर गहरा शोक जताया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने अपने शोकोद्गार में कहा कि पासवान दलित-वंचित समाज के मसीहा थे। एक राजनीतिक सामाजिक कार्यकर्ता के साथ केंद्रीय मंत्री के रूप में उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को सदैव याद रखा जाएगा। वहीं, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि श्री पासवान जी के निधन की खबर काफी दु:खद है। देश की राजनीति के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह राज्य के वित्त खाद आपूर्ति मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने अपने शोक संदेश में कहा कि पिछले 4 दशकों से अधिक समय से राजनीतिक और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रामविलास पासवान के निधन से पूरे देश एवं राज्य को अपूरणीय क्षति हुई है, उनका निधन पूरे दलित समाज के साथ-साथ देश की क्षति है और खासकर उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है, राजनीति में आने से पूर्व से ही रामविलास जी से व्यक्तिगत संबंध थे, उनके निधन से मुझे गहरा दुख पहुंचा है ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें, और परिजनों को दुख सहने की शक्ति।

कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि भारतीय राजनीति के एक मजबूत स्तंभ का निधन हो गया है। पासवान जी का यूं चले जाना समाज के लिए काफी दुखद है, कई मौकों पर उनसे मिलने का अवसर मिला हर बार उनसे मिलकर आत्मीय संबंध महसूस हुआ।
 

Nitika