राकांपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता का आरोप- महाराष्ट्र की BJP झारखंड सरकार को हटाने की रच रही साजिश

7/27/2021 12:53:02 PM

रांची/मुंबईः राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता नवाब मलिक ने सोमवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र की भारतीय जनता पार्टी, झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को हटाने की साजिश रच रही है। एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मलिक ने कहा कि झारखंड में पत्रकार अभिषेक दुबे की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।

इस बीच पत्रकार, तीन विधायकों के संपर्क में था। मलिक ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र से भाजपा के एक पूर्व मंत्री भी विधायकों से मिलने गए थे। साथ ही 21 जुलाई को राज्य से भाजपा के पदाधिकारी मोहित कम्बोज, अमित यादव और आशुतोष ठक्कर पैसे लेकर झारखंड पहुंचे। मलिक ने हालांकि कहा कि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद ये लोग वहां से भाग गए।

झारखंड सरकार ने विधायक घोटाला मामले में जांच के लिए तीन विशेष जांच दल (एसआईटी) टीमों का गठन किया है। पहला झारखंड में, दूसरा दिल्ली में और तीसरा महाराष्ट्र में, जांच दल को पूरा सहयोग दिया जाएगा। मलिक ने कहा कि पत्रकार दुबे ने पुलिस जांच में पूर्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के नाम का खुलासा किया है।

Content Writer

Diksha kanojia