गैस एजेंसियों और गोदामों पर लगीं लंबी कतारें, कोयले का इस्तेमाल करने को मजबूर लोग, शादियों से लेकर होटल तक पर छाया गहरा प्रभाव

Friday, Mar 13, 2026-12:35 PM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के रामगढ़ जिले में एलपीजी गैस सिलिंडर की किल्लत ने आम लोगों और व्यवसायों की मुश्किल बढ़ा दी है। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर यहां घरेलू और व्यवसायिक गैस आपूर्ति पर दिखाई दे रहा है।

होटल, ढाबा और स्ट्रीट फूड व्यवसाय भी प्रभावित
घरेलू गैस की मांग अचानक बढ़ गई है। लोग अब होम डिलीवरी के बजाय सीधे एजेंसी और गोदामों तक सिलिंडर लेने पहुंच रहे हैं। रसोई गैस की बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को सिलिंडर मिलने में 4-5 दिन लग रहे हैं। ऑनलाइन बुकिंग के सर्वर भी कभी-कभी धीमे हो जाते हैं। मध्याह्न भोजन बनाने में गैस न मिलने के कारण लोग कोयले का इस्तेमाल करने लगे हैं। व्यवसायिक सिलिंडर की आपूर्ति रोक देने से शादी और आयोजनों में परेशानी बढ़ गई है। रामगढ़ में 25 से अधिक शादी घर और 50 से अधिक बड़े रेस्टोरेंट अब गैस की कमी से जूझ रहे हैं। होटल, ढाबा और स्ट्रीट फूड व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे हैं।

घरेलू सिलिंडर की आपूर्ति अब 25 दिन की बजाय 45 दिन में
पद्मावती गैस एजेंसी के अनुसार, व्यवसायिक गैस की आपूर्ति फिलहाल बंद है, जबकि घरेलू सिलिंडर 5-6 दिन में मिल रहे हैं। गैस की कीमत में 5 प्रतिशत बढ़ोतरी की गई है और घरेलू सिलिंडर की आपूर्ति अब 25 दिन की बजाय 45 दिन में होगी। जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीता टोप्पो ने बताया कि विभागीय स्तर पर अभी तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। एजेंसियों को मिलने वाले निर्देशों के बाद अगले एक-दो दिन में बैठक में घरेलू और व्यवसायिक गैस आपूर्ति के बारे में कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static