पलामू में बारूदी सुरंगें बरामद, सुरक्षाबलों पर हमले की बड़ी साजिश नाकाम

9/25/2020 3:59:04 PM

पलामूः सुरक्षा बलों ने पलामू जिले के मनातू- चक मार्ग में नक्सलियों द्वारा बनाई गई 4 बड़ी बारूदी सुरंगों को समय रहते निष्क्रिय कर बलों पर हमले की कोशिश को नाकाम कर दिया।

पलामू के पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि नक्सलियों ने मनातू थानान्तर्गत मंसुरिया के पास बारूदी सुरंगें बनाई थीं। उन्होंने बताया कि सभी में 12 से 15 किलोग्राम विस्फोटक था जिससे भारी नुकसान हो सकता था। इन्हें सुरक्षा बलों को लक्ष्य कर सड़क के बीच में लगाया गया था। यह मार्ग चतरा होते हुए बिहार के गया तक जाता है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इनका पता लगाकर निष्क्रिय करने का काम केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 134वीं बटालियन और स्थानीय पुलिस ने मिलकर किया।

वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि इसमें किस नक्सली संगठन का हाथ है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पूरा क्षेत्र माओवादियों का गढ़ माना जाता है। 

Nitika