सदा जनता के लिए समर्पित रहा लालजी टंडन का जीवनः राज्यपाल

7/21/2020 6:41:08 PM

रांचीः मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन के निधन पर झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक जताया है और कहा है कि उनका जीवन हमेशा जनता के लिए समर्पित रहा और उन्होंने कुशल प्रशासक के तौर पर अपनी अलग पहचान बनाई थी।

राजभवन के प्रवक्ता ने बताया कि राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने टंडन के निधन पर गहरा दुःख एवं शोक प्रकट किया है । राज्यपाल ने कहा, ‘‘टंडन का जीवन सदा जनता के लिये समर्पित रहा। वह संवेदनशील व्यक्ति थे।'' मुर्मू ने कहा, ‘‘टंडन उत्तरप्रदेश की राजनीति के एक लोकप्रिय जननेता थे। साथ ही देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी के अभिन्न सहयोगी के रूप में उनका योगदान इतिहास में अविस्मरणीय रहेगा।''

राज्यपाल ने कहा कि कुशल प्रशासक के रूप में उन्होंने अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की थी। उनका निधन सभी के लिये अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शान्ति और परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

Edited By

Diksha kanojia