29 अप्रैल को कल्पना सोरेन गांडेय सीट के लिए करेंगी नामांकन, CM चंपई भी रहेंगे शामिल

4/25/2024 4:52:39 PM

Giridih: पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन 29 अप्रैल को गांडेय उपचुनाव को लेकर नामांकन करेंगी। इसी दिन चुनावी सभा होगी। कल्पना सोरेन के नामांकन को लेकर बीते बुधवार को पार्टी के जिला कार्यालय में बैठक हुई।

बैठक में प्रत्याशी के नामांकन और इस मौके पर होने वाली सीएम चंपई सोरेन की सभा के बारे में कार्यकर्ताओं को जानकारी दी गई। राज्यसभा सदस्य सरफराज अहमद ने कहा कि जिन बूथों में अपने समर्थक हैं, वहां अधिक से अधिक वोट दिलाने का प्रयास करें। जहां हम कमजोर हैं, वहां भी पूरा जोर लगाना है, ताकि किसी भी बूथ में हम कमजोर न पड़ें। उन्होंने कहा कि बूथों पर कार्यकर्ताओं को पूरी तरह मुस्तैद रहना है। सरफराज अहमद ने कहा कि कल्पना सोरेन आगामी 29 अप्रैल को नामांकन कराएंगी। इसके लिए वह 28 अप्रैल को हवाई मार्ग से गिरिडीह आएंगी। उनका रात्रि विश्राम गिरिडीह में होगा। उनके नामांकन में मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और डिप्टी सीएम बसंत सोरेन भी रहेंगे। सीएम चंपई 29 अप्रैल को हवाई मार्ग से गिरिडीह आएंगे। नामांकन के बाद पपरवाटांड़ फुटबॉल मैदान में सीएम की सभा होगी।

बता दें कि झारखंड में गांडेय विधानसभा क्षेत्र के लिए उपचुनाव राज्य के संसदीय चुनावों के साथ ही 20 मई को होंगे। गिरिडीह जिले की गांडेय सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) विधायक सरफराज अहमद के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। झामुमो नेता सरफराज और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता प्रदीप वर्मा 14 मार्च को झारखंड से राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए। इससे पहले 31 दिसंबर को विधानसभा सचिवालय की एक अधिसूचना में कहा गया था कि जनता को सूचित किया जा रहा है कि झारखंड विधानसभा अध्यक्ष ने गांडेय के विधायक सरफराज अहमद का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। यह सीट 31 दिसंबर, 2023 से खाली है।
 

Content Editor

Khushi