मातम में बदलीं खुशियां! ईद मनाने घर लौट रहे 2 युवकों को गिट्टी लदे हाईवा ने रौंदा, दर्दनाक मौत
Monday, Mar 16, 2026-05:53 PM (IST)
Jharkhand News: झारखंड में दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में मुख्य बाजार के दुर्गा मंदिर के समीप हाईवा की चपेट में आने से मोटर साईकिल सवार दो व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिला के रामपुरहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलडंगा गांव के निवासी 30 वर्षीय हारून शेख और 45 वर्षीय बाबुर अली शेख के रूप में हुई है। इस सड़क हादसे में दोनों व्यक्ति की मौत होने की सूचना मिलते ही इलाके में शोक का माहौल बन गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दुमका-रामपुरहाट राष्ट्रीय उच्च पथ 114 ए पर दुमका जिले शिकारीपाड़ा मुख्य बाजार में अवस्थित दुर्गा मंदिर के समीप गिट्टी लदा हाईवा ने विपरीत दिशा से आ रही मोटर साईकिल में जोर टक्कर मार दी, जिससे मोटर साईिकल पर सवार दोनों व्यक्ति हाईवा के नीचे आ गए और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दोनों व्यक्ति मोटर साईकिल से ईद मनाने के लिए देवघर से अपने घर लौट रहे थे। सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया। लोगों का कहना था कि लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बावजूद प्रशासन द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा के अंचल अधिकारी कपिलदेव ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने दोनों की लाश को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

