BJP का हमला- झामुमो को सनातन धर्म एवं परंपरा से कोई लेना देना नहीं

11/20/2020 12:11:34 PM

रांचीः भाजपा के झारखंड प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने झारखंड में सत्तारूढ़ झामुमो पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि झामुमो को सनातन परंपरा और धर्म कर्म से कुछ भी लेना देना नहीं है।

आदित्य साहू ने कहा कि झामुमो के नेता सत्ता लोलुपता चाटुकारिता एवं तुष्टिकरण में ये सब कुछ भूल गए है। ये लोग सत्ता के मद में बौराये हुए है। मां दुर्गा का भक्त कहलाने वाले सुप्रियो भट्टाचार्य ने छठ व्रत करने वाले मां-बहनों का जितना अपमान किया उतना शायद मुगलों एवं अंग्रेजों ने भी नहीं किया था। उन्होंने कहा कि आश्चर्य इस बात की है कि कुल्ला, मुंह धोने और नहाने की सीख दे रहे है। इनको पता होना चाहिए कि छठ व्रत एक तपस्या है। इनके परिवार के सदस्यों ने कभी छठ नहीं किया है, सिर्फ दूर से देखा है।

वहीं भाजपा नेता ने कहा कि झामुमो नेताओं को पता होना चाहिए कि जो छठ व्रती माताएं-बहनें होती है उनका खरना प्रसाद जूठा खाने के लिए लोग कतार लगाए रहते है, यह परंपरा है। व्रतियों का गिला कपड़ा से लोग अपने मुंह और माथा पोछकर आशीर्वाद लेते है। ये सूर्य भगवान की पूजा की जाती है। जिस प्रकार से इन्होंने छठ महा पर्व का अपमान किया है, राज्य की जनता कभी माफ नहीं करेगी। ये भ्रष्टाचार घाट के पानी पीने वाले लोग है तो छठ घाट की महिमा कहां से समझ पाएंगे।

Nitika