झामुमो का टीएसी के मुद्दे पर पलटवार, कहा- पूर्ववर्ती भाजपा शासन में रघुवर दास थे अध्यक्ष

6/29/2021 1:48:06 PM

रांचीः झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी की ओर से जनजातीय सलाहकार परिषद (टीएसी) के अध्यक्ष पद को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा शासन में तो गैर जनजातीय मुख्यमंत्री रघुवर दास ही इसके अध्यक्ष थे।

भट्टाचार्य ने सोमवार को भाजपा के आरोपों पर कहा कि राज्य की पूर्ववर्ती रघुवर दास सरकार में मुख्यमंत्री रघुवर दास ही टीएसी के अध्यक्ष थे। अभी तो जनजातीय समाज के हेमन्त सोरेन अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि अगले पचास साल तक भाजपा झारखंड में शासन में आने वाली नहीं है इसी को ध्यान में रखते हुए गैर मुख्यमंत्री आदिवासी को अध्यक्ष बनाने की बात कह रहे हैं। झामुमो महासचिव ने कहा कि जहां तक महिला सदस्य का सवाल है शिबू सोरेन के बड़े पुत्र स्वर्गीय. दुर्गा सोरेन की पत्नी, झामुमो महासचिव सीता सोरेन इस कमेटी की सदस्य हैं।

आदिम जनजाति से प्रतिनिधित्व की बात है तो एक सीट अभी खाली है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में रमन सिंह की सरकार ने भी इसी तरह की नियमावली बनाई थी। अदालत ने उसे सही करार दिया है। सर्वोच्च न्यायालय ने मामले में याचिका को स्वीकार नहीं की। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष छह जून को राज्यपाल से मिलने के बाद कहा था कि वे इस मुद्दे पर उच्च न्यायालय जाएंगे। छत्तीसगढ़ मामले में अदालत में हस्र को जानते थे इसलिए आज तक अदालत नहीं गए।

Content Writer

Diksha kanojia