"झामुमो-कांग्रेस की सरकार लुटेरी है", बाबूलाल मरांडी ने कहा- झारखंड विस चुनाव में इसे उखाड़ फेंकने का लें संकल्प

Monday, Jul 15, 2024-08:55 AM (IST)

रांची: झारखंड में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने रविवार को धनवार विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मान एवम विजय संकल्प सभा को संबोधित किया। मरांडी ने कहा कि भाजपा विचार आधारित कार्यकर्ताओं की पार्टी है। कार्यकर्ता ही पूंजी है। आज भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि परिश्रम की पराकाष्ठा करके कार्यकर्ताओं ने तीसरी बार मोदी सरकार का संकल्प पूरा किया है। ऐसे कार्यकर्ताओं का सम्मान पार्टी का कर्तव्य है। 

"जनता को मोदी की गारंटी पर भरोसा"
मरांडी ने कहा कि इंडी एलायंस के दुष्प्रचार और भ्रम के बाद भी जनता ने भाजपा और एनडीए पर भरोसा किया। जनता को मोदी की गारंटी पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि झारखंड में भी जनता ने एनडीए पर विश्वास जताया। 9 सीट पर एनडीए को जीत मिली। जनता ने भाजपा को 84 लाख वोट दिए जबकि इंडी ठगबंधन को 66 लाख ही वोट मिले। तत्कालीन मुख्यमंत्री सहित राज्य के 7 मंत्री अपने क्षेत्र में इंडी ठगबंधन को नहीं जीता सके। विधानसभा अध्यक्ष भी अपने क्षेत्र में पीछे रहे। उन्होंने कहा कि अब झारखंड विधानसभा चुनाव में इंडी ठगबंधन को हटाना है और भाजपा नेतृत्व में मजबूत डबल इंजन सरकार बनानी है। उन्होंने कहा कि झामुमो कांग्रेस के रहते विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती। ये लुटेरी सरकार है। यहां खान, खनिज, बालू पत्थर जमीन की लूट मची है। युवाओं की नौकरी तक बेची जा रही। जेपीएससी जेएसएससी की परीक्षाएं लगातार भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही। 

"बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण दे रही यह सरकार"
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा आज हताश और निराश है। न नौकरी मिली बेरोजगारी भत्ता ही मिला। कहा कि महिलाएं घर में भी असुरक्षित हैं। अपराधी बेलगाम हैं। व्यापारियों से फिरौती रंगदारी की मांग हो रही। उन्होंने कहा कि संथाल परगना की डेमोग्राफी बदल रही। यह सरकार बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण दे रही। मरांडी ने कहा कि झामुमो कांग्रेस के रहते न विकास होगा न विधि व्यवस्था ठीक होगी। कहा कि ऐसी सरकार से निजात दिलाने के लिए जनता से संवाद बढ़ाएं। नाकामियों को उजागर करें। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व की डबल इंजन एनडीए सरकार बनाने का संकल्प लें। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static