अगले 24 घंटे में फिर से बदल सकता है झारखंड का मौसम! 3-4 दिनों तक आंधी-तूफान, कई जिलों में ओरेंज अलर्ट जारी
Wednesday, Apr 01, 2026-03:52 PM (IST)
Jharkhand Weather: झारखंड की राजधानी रांची में शाम के 4 बजे के आसपास अच्छी खासी बारिश हुई। खासतौर पर जामताड़ा और हजारीबाग के बरही में 35.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण मौसम सुहाना हो गया और लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
3-4 दिनों तक तूफानी मौसम रहने की संभावना
रांची मौसम केंद्र के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में दबाव के कारण आने वाले 3-4 दिनों तक तूफानी मौसम रहने की संभावना है। अगले 24 घंटे में फिर से मौसम बदल सकता है, वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी है। ओरेंज अलर्ट गोड्डा, देवघर, धनबाद, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज और गिरिडीह में जारी किया गया है। इन जिलों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
बारिश के बावजूद बनी रहेगी उमस
झारखंड के अन्य जिलों में हल्की बूंदाबांदी और 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। पलामू, गढ़वा और दक्षिणी जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब रह सकता है, जिससे बारिश के बावजूद उमस बनी रहेगी। न्यूनतम तापमान लगभग सभी जिलों में 19-22 डिग्री के बीच रहेगा। शाम के समय थोड़ी राहत महसूस हो सकती है।
सामान्य स्थिति
झारखंड के ज्यादातर जिलों में मौसम बदलता रहेगा। हल्की बारिश के बाद ठंडक और फिर गर्मी का अनुभव होगा। लोग पंखा चला कर भी गर्मी से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।

