झारखंड के वित्त मंत्री ने किसानों को बताया अन्नदाता, कहा- धान क्रय केंद्र की संख्या हुई दोगुनी

12/26/2020 7:11:26 PM

रांचीः झारखंड के वित्त एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने किसानों को अन्नदाता बताया और कहा कि कोरोना के कारण विषम परिस्थितियों के बावजूद राज्य में किसानों से धान की खरीद के लिए धान क्रय केंद्र की संख्या दोगुनी कर दी गई है।

डॉ. उरांव ने शनिवार को लोहरदगा में अपने एक दिवसीय प्रवास के क्रम में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पूरे राज्य में धान क्रय केंद्र की संख्या बढ़ाकर दोगुनी कर दी गई है। सभी जगहों पर धान क्रय का काम जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अधिक धान की खरीदारी होगी।

वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विपरीत परिस्थितियों के बावजूद धान खरीद के लक्ष्य के काफी करीब पहुंच गयी है। चालू वित्तीय वर्ष के अंतिम महीनों में लक्ष्य को हासिल कर लेने की उम्मीद है। सरकार ने कोरोना जैसी महामारी से लड़ते हुए काफी हद तक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने और विकास को गति देने का काम किया है।

Diksha kanojia