झारखंड पुलिस के हाथ बड़ी सफलता, 10 साइबर अपराधियों को रंगे हाथों किया गिरफ्तार

7/6/2020 4:04:23 PM

रांचीः झारखंड में साइबर अपराधियों का तांडव लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में इन्हें पकड़ने के लिए पुलिस भी एढ़ी चोटी का जोर लगा रही है और सफलता हासिल कर रही है। इसके चलते रविवार को पुलिस ने 10 साइबर अपराधियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, गिरिडीह एसपी अमित रेनू ने रविवार को प्रेस वार्ता कर इसके बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साइबर पुलिस ने लगातार सर्च अभियान चलाकर रंगे हाथ 10 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है जो कि प्रोफेशनल साइबर अपराधी हैं। एसपी ने बताया कि शातिर अपराधी बैंक खाताधारकों, पेटीएम यूजर्स को सीरियल कॉल और लिंक भेज कर डिटेल्स निकालते थे। इसके बाद लोगों के खाते मे जमा रकम को अपने फर्जी बैंक अकाउंट एवं ई वॉलेट में ट्रांसफर कर लेते थे। इन गिरफ्तार अपराधियों में अखिलेश कुमार मंडल और मोहम्मद आरिफ अंसारी का पुराना अपराधिक इतिहास रहा है। वहीं अन्य अपराधियों की जांच अभी की जा रही है।

प्रेस वार्ता के दौरान एसपी अमित रेनू ने जिला वासियों से कहा कि ऐसे धोखाधड़ी करने वालों से सतर्क रहें तथा कभी भी अपनी निजी जानकारी साझा ना करें। उन्होंने कहा कि आमतौर पर लोग किसी तरह की भी परेशानी होने पर फौरन गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर सर्च कर कॉल करते हैं। जहां ये शातिर अपना नंबर डाल कर रखते हैं और फिर ऐसे लोग के चक्कर में फंसकर अपने खाते से संबंधित जानकारी देकर ठगी के शिकार हो जाते हैं। एसपी ने कहा कि ऐसे में सतर्क रहें कभी भी फोन कॉल या मैसेज पर किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी कोई डिटेल शेयर ना करें।

Edited By

Diksha kanojia