शिक्षा मंत्री के निधन से शोक में डूबा झारखंड, हेमंत सरकार ने की 2 दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा

Thursday, Apr 06, 2023-01:07 PM (IST)

रांची: झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने आज सुबह दुनिया को अलविदा कह दिया है। उनका चेन्नई में इलाज के दौरान निधन हो गया है। जगरनाथ महतो के निधन की खबर सुनकर राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, भाजपा विधायक बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने ट्वीट कर दुख जताया है। वहीं, हेमंत सरकार ने जगरनाथ महतो के निधन के बाद दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा कर दी है।

जगरनाथ महतो की कोरोना रिपोर्ट भी आई थी पॉजिटिव 
बता दें कि पिछले साल सितंबर 2022 में भी शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की तबीयत बिगड़ी थी। इसके बाद उनकी कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। करीब 1 महीने तक रांची में उनका इलाज चला था। इस दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने अस्पताल जाकर शिक्षा मंत्री से मुलाकात की थी और चेन्नई जाकर जांच कराने की सलाह दी थी। इसके बाद स्वास्थ्य में सुधार न होने पर 19 अक्टूबर 2022 को उन्हें विशेष विमान से चेन्नई ले जाया गया था। चेन्नई में उन्हें एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

जगरनाथ महतो का किया गया था लंग्स ट्रांसप्लांट 
28 अक्टूबर को अस्पताल की तरफ से एक मेडिकल बुलेटिन जारी किया गया था, जिसमें उनके फेफड़ों में कोई सुधार नहीं दिखा। तब डॉक्टरों ने लंग्स ट्रांसप्लांट करने का निर्णय लिया। 10 नवंबर को जगरनाथ महतो का लंग्स ट्रांसप्लांट किया गया। 11 जनवरी को उन्हें आईसीयू से जनरल वार्ड में शिफ्ट किया गया था। वहीं, जगरनाथ महतो के निधन की खबर सुनकर राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static