झारखंड में आज ड्राई डे घोषित, नशे में पकड़े गए तो करनी पड़ेगी हवालात की सैर

Wednesday, Mar 04, 2026-11:48 AM (IST)

Jharkhand News: होली के मौके पर आज राज्य में ड्राई डे रहेगा। इस दिन शराब की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सख्त निगरानी रखेगी।

4 मार्च को राज्य में ड्राई डे, शराब की सभी दुकानें रहेंगी बंद

होली के दिन यानी आज पूरे राज्य में ड्राई डे घोषित किया गया है। इस दिन शराब की खुदरा दुकानें, बार, क्लब और थोक बिक्री केंद्र जेएसबीसीएल सहित सभी देसी और विदेशी शराब बनाने वाली कंपनियां बंद रहेंगी। किसी भी प्रकार की शराब की बिक्री या आपूर्ति पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है। इसके बाद सभी जिलों में सहायक आयुक्त और अधीक्षक उत्पाद ने अपने-अपने क्षेत्र के लाइसेंसधारी प्रतिष्ठानों को निर्देश दे दिए हैं कि वे इस आदेश का पालन करें।

नशे में पकड़े गए तो होगी कड़ी कार्रवाई

राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में पुलिस सख्ती बरतेगी। होली के दिन शराब पीकर हुड़दंग करने, तेज रफ्तार वाहन चलाने या सार्वजनिक स्थानों पर उत्पात मचाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने साफ किया है कि नशे में पकड़े गए लोगों को बिना मेडिकल जांच और कानूनी प्रक्रिया के घर नहीं जाने दिया जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।

सादे लिबास में भी तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी

होली को देखते हुए सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। शहर में वर्दी के साथ-साथ सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन क्षेत्रों को खास तौर पर चिन्हित किया गया है, जहां पहले हुड़दंग या झड़प की घटनाएं हो चुकी हैं।

सिटी कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

पूरे शहर पर सिटी कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और मुख्य सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। एसएसपी राकेश रंजन ने सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने का निर्देश दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static