IRB कैंप में जवान कोरोना संक्रमण के बीच रहने को मजबूर, विभाग नहीं ले रहा सुध

8/4/2020 1:35:42 PM

रांचीः झारखंड में विभिन्न जिलों के साथ-साथ राजधानी रांची में भी कोरोना का प्रकोप देखा जा रहा है। इसमें पुलिस महकमा भी अछूता नहीं है। झारखंड पुलिस तो पूरी तरह कोरोना के चपेट में है। वहीं अब आईआरबी ( इंडिया रिजर्ब बटालियन ) के जवान भी कोरोना के चपेट में आ चुके हैं। राजधानी रांची से सटे मेसरा क्षेत्र में जहां आईआरबी के 250 जवानों का कैंप राजकीय बुनियादी विद्यालय मेसरा और मॉडल स्कूल, कांके सरकारी स्कूल में है। कैंप में रह रहे जवान लगातार राजधानी रांची के सुरक्षा में जुटे हुए हैं और अब इन जवानों के उपर कोरोना संक्रमण का भय मंडरा रहा है।

जानकारी के अनुसार, कैम्प में रह रहे ढाई सौ जवानों में से अब तक 35-40 जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिसमें से तीन तो खाना पकाने वाले कुक ही हैं और इन कुक के संपर्क में आने से शत-प्रतिशत जवानों के संक्रमित होने की आशंका से इनकार नही किया जा सकता है। मामले को लेकर जब इसकी पड़ताल किया गया तो जवानों ने बताया कि किसी भी स्वास्थ्य पदाधिकारी या उनके डिपार्टमेंट के वरीय पदाधिकारियों ने इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया है और ना ही गंभीरता पूर्वक संज्ञान लिया गया है। बार-बार इसकी शिकायत किए जाने के बावजूद भी जवानों को ऐसे ही मरने के लिए छोड़ दिया गया है।

बताते चलें कि इस कैंप में अभी भी दो कोरोना पॉजिटिव है जिनकी जांच में पुष्टि हुई है उन्हें अब तक मेडिकल ट्रीटमेंट भी नहीं दिया गया है। इसके अलावा ये 2 संक्रमित जवान भी तमाम बाकी जवानों के संपर्क में है संक्रमित जवानों की ओर से बाथरूम, नल के अलावा तमाम चीजों का उपयोग सामूहिक रूप से किया जा रहा है। ऐसे में इन जवानों को आशंका है कि अगर सही तरीके से कैंप लगाकर यहां जांच किया जाता है तो 100 फीसदी जवान संक्रमित होंगे। कई जवानों का तबीयत खराब है। सर्दी और बुखार के लक्षण हैं। फिर भी इस ओर स्वास्थ्य विभाग का ध्यान ना जाना एक बड़ी लापरवाही की ओर इशारा करता है। जल्द से जल्द राज्य सरकार को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है नहीं तो राजधानी रांची में संक्रमण की स्थिति और भयावह होगी।

Edited By

Diksha kanojia