जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, 9 अपराधी गिरफ्तार

6/12/2021 7:16:37 PM

 

जामताड़ाः झारखंड में जामताड़ा जिला पुलिस ने साइबर अपराध करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ कर नौ अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि साइबर क्राइम झारखंड के लिए बड़ी चुनौती रही है। जामताड़ा को इसका गढ़ माना जाता है। जिला पुलिस को साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रामपुर माधोपुर गांव में छापामारी कर नौ साइबर अपराधी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

सिन्हा ने बताया कि सूचना मिली थी कि रामपुर माधोपुर गांव में साइबर अपराधी एकजुट होकर साइबर क्राइम की घटना को अंजाम दे रहा है। तत्काल पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) मनजारुल हुदा की अगुवाई में टीम गठित कर उक्त गांव में छापामारी की गई। जिसमें नौ साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से विभिन्न कंपनी के 13 मोबाइल, 22 सिम और एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में बास्की राय, मिथुन बावड़ी, बड़का बावरी, राहुल कुमार राय, धनेश्वर राय, सुभाष पंडित, संजय बावरी, गणेश राय हैं। इसमें माहुलडंगाल निवासी विक्रम बाउरी भी शामिल है। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश कर मंडल कारा जामताड़ा भेज दिया है। गिरफ्तार सभी अपराधी की संपत्ति की भी जांच प्रारंभ कर दी गई है।

Content Writer

Diksha kanojia