श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट पर घपले कांग्रेस की प्रतिक्रिया- अधर्म और आस्था का अपमान है चंदे का दुरुपयोग

6/14/2021 7:01:43 PM

 

रांचीः झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट पर घपले के कथित आरोप पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सोमवारको कहा कि करोड़ों लोगों ने आस्था और भक्ति के चलते भगवान के चरणों में चढ़ावा चढ़ाया, उस चंदे का दुरुपयोग अधर्म है और उनकी आस्था का अपमान हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश में एक ऐसी पार्टी है, जिसने लाश और कफन घोटाले तक को अंजाम दिया। भगवान श्रीराम तो इनके लिए एक व्यापार का जरिया है, इनका कोई ईमान-धर्म नहीं होता। इनके लिए बाप बड़ा ना भैया, सबसे बड़ा रुपैया है। जो लोग श्रीराम के नाम पर पांच मिनट में 16.5 करोड़ रुपये ठग सकते है, उनके बारे में यह सहज अनुमान लगाया जा सकता है कि राम के नाम पर राजनीति करने वाले पिछले सात सालों में पूरे देश को कितनी बार ठग चुके होंगे।

प्रवक्ता ने कहा कि श्रीराम के नाम पर घोटाले की बात सामने आयी है, लेकिन फिर भी अब तक अंधभक्तों के मुंह पर ताला लगा है, जो राम का नहीं, वह किसी का काम नहीं, राम मंदिर के नाम पर करोड़ों रुपए का घोटाले करने वाले लोगों की सच्चाई अब सामने आ गयी है, इन्हें जनता समय आने पर जवाब देगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए ट्रस्ट बनाने की घोषणा की थी, इसका मतलब साफ है कि ट्रस्ट के एक-एक सदस्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जानकारी में काम कर रहा था।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि रामचंद्र कह गये सिया से, ऐसा कलयुग आएगा, मेरे नाम पर चंदा लेकर घोटाला किया जाएगा, भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति करने वाले लोगों की असलियत अब सामने आ चुकी है। यह न्यास उन्हीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं विश्व हिन्दू परिषद के लोगों का संगठन है, जिसने इससे पहले भी मंदिर निर्माण पर 1400 करोड़ रुपये चंदे का हिसाब अब तक जनता को नहीं दिया।

Content Writer

Diksha kanojia