भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बोली- नेक इरादों से ही मजबूत बन सकता है भारत

8/18/2021 5:33:46 PM

रांचीः केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी ने परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को लोकतंत्र के लिए घातक बताया और कहा कि मजबूत और नेक इरादों से ही मजबूत भारत बनाया जा सकता है।

अन्नपूर्णा देवी ने बुधवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि संकीर्ण मानसिकता, परिवारवाद एवं तुष्टिकरण के बल पर लोकतंत्र मजबूत नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि मजबूत और नेक इरादों से ही मजबूत भारत बनाया जा सकता है। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का मंत्र ही नहीं दिया, बल्कि लगातार इसकी सिद्धि की दिशा में प्रयास भी किया। यह मंत्र सरकार की योजनाओं में झलकता है, मंत्रिमंडल में झलकता है और पार्टी संगठन में भी झलकता है।

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि आज केंद्रीय मंत्रिमंडल में सम्पूर्ण भारत समाया हुआ है। हर वर्ग, समाज, समुदाय एवं क्षेत्र को लग रहा है कि यह मंत्रिमंडल हमारा है। सब मिलकर एक मजबूत भारत, आत्म निर्भर भारत के निर्माण में जुटे है। आज केन्द्रीय मंत्रिमंडल में अन्य पिछड़ा वर्ग से 27, अनुसूचित जनजाति समाज से 8, अनुसूचित जाति समाज से 12 और महिला वर्ग से 11 मंत्री है। 

Content Writer

Diksha kanojia