BJP का हमला- हेमंत सरकार में डायन बिसाही के बढ़ते मामले चिंताजनक

3/11/2021 2:46:30 PM

 

रांचीः भाजपा की झारखंड इकाई ने हेमंत सरकार को कानून व्यवस्था के सभी मोर्चो पर विफल बताया। साथ ही आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 14 महीने में ही डेढ़ दर्जन से ज्यादा डायन हत्या के मामले दर्ज किए गए हैं।

भाजपा की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर ने हेमंत सरकार में डायन बिसाही के मामलों में बढ़ोतरी होने का आरोप लगाते हुए कहा,‘‘राज्य में डायन बिसाही के नाम पर महिलाओं पर जुल्म बढ़ गया है। महिलाओं को डायन के नाम पर पीटा जा रहा है। डेढ़ दर्जन से ज्यादा महिलाओं की हत्या हो चुकी है। हेमंत सरकार इस बुराई को रोक पाने में विफल साबित हुई है।'' उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महिला दिवस के मौके पर एक तरफ दुनिया में महिलाओं को सम्मान दिया जा रहा था, वहीं दूसरी ओर झारखंड के पाकुड़ स्थित आमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के भाटीकांदर निवासी सोना मरांडी की डायन बिसाही के शक में शरीर के छरू टुकड़े कर हत्या कर दी गई और बांसलाई नदी में उसके शव को फेंक दिया गया।

वहीं भाजपा नेता ने इस घटना की निंदा करते हुए मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा ,‘‘हेमंत सरकार में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार से राज्य की महिलाएं डर के साये में जीने को मजबूर है। प्रत्येक दिन 5 से ज्यादा महिलाओं के साथ दुष्कर्म का आंकड़ा डराने वाला है। यह आंकड़ा देश भर के राज्यों में सबसे ऊपर है। यह राज्य सरकार और सरकारी तंत्र के फेल होने एवं कानून व्यवस्था के डर का समाप्त होने का संकेत है।''
 

Content Writer

Nitika