पति ने की थी एक्ट्रेस ईशा आलिया की हत्या, पुलिस को बताई थी लूटपाट की कहानी, गिरफ्तार

Thursday, Dec 29, 2022-03:18 PM (IST)

रांची: झारखंड की अभिनेत्री रिया कुमारी की कथित रूप से गोली मारकर हत्या करने के मामले में आज यानी गुरुवार को अभिनेत्री के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पर्दे पर ईशा आलिया के नाम से चर्चित रिया कुमारी की पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 16 पर बुधवार तड़के गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अभिनेत्री तब अपने पति प्रकाश कुमार और 2 साल की बेटी के साथ कोलकाता जा रही थीं।

पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि उन्होंने पूछताछ के बाद और बुधवार रात को रिया कुमारी के परिवार द्वारा दर्ज शिकायत के आधार पर प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रकाश के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 302 (हत्या), 201 (गलत सूचना देने), 498 ए (किसी महिला का पति या रिश्तेदार के उससे क्रूरता करने) और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के लिए तलाश जारी है।

आरोपी पति ने पुलिस को बताई थी लूटपाट की कहानी
वहीं, पति प्रकाश ने पुलिस को बताया था कि बागनान थाना क्षेत्र में महिष रेखा के पास जब उन्होंने शौच जाने के लिए कार रोकी तभी लुटेरों के एक समूह ने उनकी कार पर हमला किया। उसने पुलिस को बताया कि 3 लोगों के एक गिरोह ने सुबह करीब 6 बजे उन पर हमला किया, जो उनका सामान लूटने की कोशिश कर रहे थे। जब उसकी पत्नी उन्हें बचाने के लिए दौड़ी, तो लुटेरों ने कुमारी को गोली मार दी और तुरंत मौके से भाग गए। उसने पुलिस को यह भी बताया कि वह अपनी पत्नी को वाहन तक ले गया और मदद की तलाश में करीब 3 किलोमीटर तक चला। उसने कुलगछिया-पिरताला में राजमार्ग के किनारे कुछ लोगों को देखकर उन्हें आपबीती सुनाई। स्थानीय लोगों ने उलुबेरिया में एससीसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उसकी पत्नी को भर्ती कराने में मदद की जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पति करता था रिया के साथ मारपीट
इस मामले में रिया कुमारी के परिजनों का कहना है कि पति प्रकाश पहले भी रिया की पिटाई करता था। उसे टॉर्चर करता था। दोनों झारखंड फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हैं। प्रकाश डायरेक्टर हैं और ईशा ने कई झारखंडी और नागपुरी एलबम में काम किया है। दोनों एक दूसरे को लंबे समय से जानते थे। बाद में दोनों ने लव मैरिज की। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच मनमुटाव था। शुरुआत में प्रकाश ने ईशा को अपनाने से इनकार कर दिया था। मामला कोर्ट तक पहुंचा था, जिसके बाद दोनों ने शादी की थी। दोनों की एक बेटी भी है।

इंडस्ट्री में थी अभिनेत्री रिया की अलग पहचान
बता दें कि रिया कुमारी मूल रूप से झारखंड के हजारीबाग की रहने वाली थी और वह यूट्यूब पर नागपुरी म्युजिक वीडियो में चर्चित चेहरा थीं। इसके अलावा उन्होंने कुछ नागपुरी फिल्मों में काम भी किया था। वह फिल्म उद्योग में बेहद मृदुभाषी मानी जाती थी जो रांची के मोराबाड़ी इलाके में फ्लैट में रहती थीं। कुमारी के पति ने खुद को निर्माता बताया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

static