हिंदूवादी युवा नेता पर किया गया बम से हमला, घटना के बाद बाजार बंद... इलाके में धारा 144 लागू

11/13/2022 10:02:56 AM

जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब हिंदूवादी युवा नेता की दिनदहाड़े बम से हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बीते शनिवार को एनएच-75 को जाम कर दिया था। आज शहर में प्रशासन ने धारा 144 लगा दी है।

हिंदूवादी युवा नेता पर बम से किया गया हमला
मामला जिले के चक्रधरपुर का है। जानकारी के मुताबिक बीते शनिवार की शाम 30 वर्षीय हिंदूवादी युवा नेता कमलदेव गिरी अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से भारत भव चौक पहुंचे थे। इस दौरान पीछे से अज्ञात अपराधियों ने उन्हें बम मार दिया। इसके बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। देखते-देखते सभी दुकानें बंद होने लगी। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, गुस्साए लोगों ने एनएच-75 को जाम किया। हालांकि बीती रात को करीब 9 बजे के बाद सड़क जाम खुल गया था, लेकिन बाजार अभी भी बंद है।

आज शहर में धारा 144 लागू
घटना के बाद शहर की तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए शहर में प्रशासन ने धारा 144 लगा दी है। धारा लगने के बाद शहर के प्रमुख पवन चौक में काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही रैपिड एक्शन फोर्स की भी तैनाती कर दी गई है। बता दें कि कमलदेव गिरी बजरंग दल से जुड़े हुए थे और गिरीराज सेना नामक अपना एक संगठना बना रखा था। हिंन्दू विचारधारा से प्रभावित कमलदेव गिरी सामाजिक कार्यों में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते थे। यहां तक कि वे सोमवार को केन्द्रीय मंत्री के समक्ष भाजपा जॉइन करने वाले थे। 

Content Editor

Khushi