PM मोदी की आलोचना के लिए BJP नेताओं ने हेमंत सोरेन को लिया आड़े हाथ

5/7/2021 6:22:28 PM

 

रांचीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की आलोचना के लिए भाजपा नेताओं ने शुक्रवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आड़े हाथों लिया और आरोप लगाया कि उन्होंने संवैधानिक पद की गरिमा को धूमिल किया।

दरअसल, प्रधानमंत्री ने गुरुवार को फोन पर सोरेन से बात की थी और झारखंड में कोविड-19 की स्थिति पर चर्चा की थी। इसके बाद हेमंत सोरेन ने ट्वीट किया था, ‘‘आज आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने फोन किया। उन्होंने सिर्फ अपने मन की बात की। बेहतर होता यदि वो काम की बात करते और काम की बात सुनते।''झामुमो के नेता हेमंत सोरेन के इस ट्वीट के जवाब में भाजपा के कई वरिष्‍ठ नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। हेमंत सोरेन पर हमला करते हुए केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने उन्‍हें जवाब देते हुए लिखा, ‘कृपया संवैधानिक पदों की गरिमा को इस निम्न स्तर तक न ले जाएं। महामारी के इस कठिन समय में कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए, हम एक टीम इंडिया हैं।’

नागालैंड के सीएम ने कही ये बात
नागालैंड के सीएम नेफी रियो ने लिखा, 'सीएम के रूप में मेरे कई वर्षों के कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के प्रति काफी संवेदनशील रहे हैं। हेमंत सोरेन के इस बयान को पूरी तरह खारिज करता हूं। मिजोरम के मुख्यमंत्री जोराम थांगा ने ट्वीट कर लिखा कि हम काफी खुशनसीब हैं जो हमें नरेंद्र मोदी जैसा जिम्मेदार प्रधानमंत्री मिला है। जब भी उनका फोन मुझे आता है तो मैं काफी अच्छा महसूस करता हूं।

भाजपा नेता ने ट्वीट को बताया शिष्टाचार के खिलाफ
असम भाजपा के नेता हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि सोरेन का ट्वीट सामान्य शिष्टाचार के खिलाफ है और लोगों की परेशानियों का मजाक उड़ाने जैसा है क्योंकि प्रधानमंत्री ने उनका हाल चाल के लिए फोन किया था। उन्होंने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री ने पद की गरिमा को धूमिल किया है।

बता दें कि प्रधानमंत्री ने गुरुवार को आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओड़िशा के साथ ही झारखंड के मुख्यमंत्री को फोन कर कोरोना स्थिति का जायजा लिया था। झारखंड सरकार के सूत्रों का कहना है कि सोरेन इस बात से दुखी थे कि वह राज्य की पीड़ा प्रधानमंत्री के समक्ष नहीं रख सके और प्रधानमंत्री ने सिर्फ अपनी बात की।
 

Content Writer

Nitika