राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव 2021 में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को किया गया आमंत्रित

10/13/2021 3:44:57 PM

रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्र के माध्यम से आगामी 28 अक्टूबर से 1 नवंबर 2021 तक छत्तीसगढ़ सरकार से आयोजित 'राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव 2021 में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया है।

जानकारी के अनुसार, कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में बुधवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से विधायक एवं संसदीय सचिव छत्तीसगढ़ शासन विनोद चंद्राकर ने मुलाकात की तथा इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रण पत्र दिया। विधायक एवं संसदीय सचिव छत्तीसगढ़ शासन चंद्राकर ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि छत्तीसगढ़ में देश और विश्व की सबसे प्राचीन आदिम सभ्यताएं आज भी जीवित हैं।

इन सभ्यताओं के संरक्षण तथा उनके मूल स्वरूप को अक्षुण्ण बनाए रखने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कार्य किए जा रहे हैं। आदिवासी संस्कृति, लोक नृत्य, और लोक संगीत तथा लोक कलाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी 28 अक्टूबर से 1 नवंबर 2021 तक छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 'राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव 2021' का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे आदिवासी लोक गीत-संगीत तथा नृत्य क्षेत्र के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।

Content Writer

Diksha kanojia