हेमंत सोरेन ने नवनिर्मित वेजिटेबल मार्केट एवं सरदार पटेल पार्क का किया लोकार्पण

10/27/2021 5:24:09 PM

रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वेजिटेबल मार्केट सभी सुविधाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और नागा बाबा सब्जी बाजार की पूर्व की स्थिति से हम सभी अवगत हैं।


सोरेन ने बुधवार को नागा बाबा सब्जी बाजार स्थित नवनिर्मित वेजिटेबल मार्केट के लोकार्पण समारोह में कहा कि सरकार का प्रयास रहता है कि हर चीज व्यवस्थित रूप में राज्य की जनता को प्राप्त हो। अब यहां वातावरण में सब्जियों की खरीद बिक्री होगी। हमें इसे अपना बाजार समझ कर रख रखाव में सहयोग करना है। मुख्यमंत्री ने कहा यहां दुकान लगाने वालों के लिए यह मार्केट उनके परिवार के जीवन यापन का साधन बनने जा रहा है। इसे स्वच्छ और सुरक्षित रखना बड़ी जिम्मेवारी है। यह जिम्मेदारी हम सब को उठानी पड़ेगी।


मुख्यमंत्री ने हरमू हाउसिंग कॉलोनी स्थित सरदार पटेल पार्क के उद्घाटन समारोह में कहा कि शहरीकरण बढ़ रहा है। वृक्षों को काटकर गगनचुंबी इमारतें बन रहीं है। जबकि हमें पर्यावरण को कभी चुनौती नहीं देनी चाहिए। यहां के निवासियों के लिए यह पार्क भौतिकवादी समय में जीवन के अमूल्य क्षण को व्यतीत करने में सहायक बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा सरकार की इस सम्पति का मालिक हरमुवासियों को बनाया जा रहा है। यहां के निवासी इसकी सुरक्षा करें। ताकि खूबसूरत पार्क की खूबसूरती हमेशा बनी रहे।

Content Writer

Diksha kanojia