ग्रामीणों से मिलने नेमरा पहुंचे हेमंत सोरेन, लोगों की सुनीं समस्याएं

11/28/2020 3:32:43 PM

 

रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंच कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री सोरेन ने शुक्रवार को नेमरा स्थित अपने निवास में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। आसपास क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

सीएम ने कहा कि झामुमो की सरकार जन आकांक्षाओं की सरकार है। गांव, गरीब, किसान, महिला एवं नौजवान के समग्र विकास के लिए पूरी सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। हेमंत ने फरियादियों को उनकी समस्याओं का जल्द निराकरण करने का भरोसा दिया। मौके पर मुख्यमंत्री ने तत्परता दिखाते हुए उपायुक्त (रामगढ़) संदीप सिंह को फरियादियों के समस्याओं के निस्तारण के लिए दिशा-निर्देश भी दिए।

इससे पूर्व गोला प्रखंड स्थित अपने पैतृक आवास नेमरा पहुंचने पर रामगढ़ जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सोरेन एवं पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन को उपायुक्त रामगढ़ सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया।

Diksha kanojia