दीपक प्रकाश ने हेमंत सरकार को बताया बिचौलियों का हितैषी, कहा- किसानों के साथ कर रही अन्याय

6/18/2021 9:24:35 PM

 

रांचीः भाजपा ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को बिचौलियों का हितैषी बताया। साथ ही कहा कि राज्य सरकार गरीब गुरबा और किसानों के साथ अन्याय कर रही है।

भाजपा ने शुक्रवार को झारखंड में किसानों के साथ हो रहे अन्याय, धान के बकाए के भुगतान को लेकर प्रदेश के सभी मंडलों के 1163 स्थानों पर धरना दिया जिसमें हजारों की संख्या में किसान और पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हुए। पार्टी ने किसानों की कर्मस्थली खेतों में ही किसानों के मुद्दे पर धरना दिया और सरकार से राज्य के किसानों के बकाये के भुगतान की मांग की।

रांची जिलान्तर्गत कांके प्रखंड के सुकुरहुटू में खेत पर धरना को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार गरीब गुरबा और किसानों के साथ अन्याय कर रही है। कोरोना महामारी से परेशान किसानों को उनके हक के भी पैसे सरकार रोक रखी है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष अन्नदाताओं ने रिकॉर्ड उत्पादन किया किसानों के चेहरे पर खुशी थी लेकिन हेमंत सरकार की लापरवाही और उदासीनता के कारण आज किसान हताश बैठे हैं।

Content Writer

Nitika