हेमंत सोरेन ने NABARD से कहा- सहकारिता और कृषि क्षेत्र में निभाएं सक्रिय भागीदारी

12/25/2020 10:40:47 AM

 

रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) से राज्य में सहकारिता और कृषि क्षेत्र को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने को कहा है।

हेमंत सोरेन ने गुरूवार को नाबार्ड के द्वारा आयोजित स्टेट क्रेडिट सेमिनार को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में खनिज के अतिरिक्त कृषि, पशुपालन, मछली पालन, पर्यटन, खेल, कला संस्कृति आदि क्षेत्र में असीम संभावनाएं है। इस क्षेत्र को विकसित कर अपने राज्य को काफी आगे ले जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देकर राज्य के विकास के मार्ग को बेहतर तरीके से प्रशस्त किया जा सकता है। इस मौके पर नाबार्ड द्वारा झारखंड राज्य लिए फोकस पेपर जारी किया गया। उन्होंने कहा कि इस फोकस पेपर में जिन चीजों का जिक्र किया गया है, उससे राज्य के उद्देश्यों को प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के किसानों और महिला समूह द्वारा उत्पादित वस्तुओं को बाजार उपलब्ध करवाया जाएगा। इस बाबत झारक्राफ्ट की ओर से पलाश ब्रांड के जरिए इन उत्पादों को बाजार उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला समूह द्वारा उत्पादित वस्तुओं को मॉल और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में बेचने के लिए भी सरकार कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि फूड प्रोसेसिंग को भी राज्य में बढ़ावा दिया जाएगा।

 

Nitika