झारखंड में 3 दिनों तक होगी आफत की बारिश, मौसम विभाग ने किसानों के लिए किया अलर्ट जारी
Wednesday, Mar 29, 2023-12:45 PM (IST)

रांची: झारखंड में रामनवमी के मौके पर मौसम खराब रहने की संभावना है। राज्य में 3 दिनों तक 9 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं रामनवमी के अवसर पर जुलूस निकाला जाएगा। ऐसे में बारिश के होने से रामनवमी पर्व का आनंद फीका पड़ सकता है।
इन जिलों में होगी बारिश
दरअसल, राज्य के रांची, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और जामताड़ा जिले में 3 दिनों तक तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जिस कारण मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने 29 मार्च से 31 मार्च तक रांची जिले के दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों में गर्जन के साथ-साथ वर्षा की संभावना जाहिर की है। सबसे अधिक बारिश 31 मार्च को होने की संभावना है। वहीं, 1 से 3 अप्रैल तक मौसम सामान्य रहेगा।
मौसम विभाग ने किसानों को किया अलर्ट
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बारिश की संभावना को देखते हुए किसान सावधान रहें। 2 दिनों तक खेतों से दूर रहें। वज्रपात से जान-माल का नुकसान हो सकता है। मौसम साफ होते ही सब्जियों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करें। पशुओं को खुले में ना छोड़े। खराब मौसम को देखते हुए सब्जियों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था कर लें।