Health Bulletin of Lalu Yadav... लालू यादव की सेहत में सुधार, दवा के बाद आसानी से ले रहे सांस

1/22/2021 6:38:55 PM

 

रांचीः राजद अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री की सेहत में अब सुधार है। दवा के बाद वह आसानी से सांस भी ले रहे हैं। शुगर लेवल और ब्लड प्रेशर को भी नियंत्रित कर लिया गया है। दरअसल, लालू यादव को निमोनिया हो गया है। जांच में उनके फेफड़े में भी संक्रमण पाया गया है। इसके बाद आज उनके चेस्ट का हाई रेजोल्यूशन सीटी स्कैन करवाया गया, जिसकी रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।

गुरुवार रात अचानक सांस लेने में शिकायत हो गई थी। इसके बाद एहतियात के तौर पर उनका रैपिड एंटीजन और आरटीपीसीआर टेस्ट करवाया गया। दोनों टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आई है। रिम्स में लालू यादव का इलाज डॉ. उमेश प्रसाद की टीम कर रही है। रिम्स डायरेक्टर खुद उनके हर हेल्थ अपडेट पर नजर बनाए हुए हैं। लालू की तबीयत पर जेल प्रशासन भी लागातर नजर रख रहा है। तबीयत बिगड़ने की सूचना पर जेल आईजी और जेल अधीक्षक ने रिम्स पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

वहीं, लालू का इलाज कर रहे डॉक्टरों के मुताबिक लालू यादव की किडनी 25 प्रतिशत ही काम कर रही है। शुगर लेवल के बढ़ने से लगातार किडनी पर असर पड़ रहा है। अगर इसमें 10-12 फीसदी की और गिरावट आई तो उन्हें डायलिसिस की जरूरत पड़ सकती है।
 

Nitika