गुमला पुलिस ने भारी मात्रा में बरामद किया कफ सिरप, 4 लोग गिरफ्तार

9/24/2020 1:33:22 PM

गुमला/रांचीः झारखंड में गुमला और रांची जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद कर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि जिला पुलिस और रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप बरामद की गई है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनकी पहचान इस्लाम आलम, रवि कुमार वर्मा, अंकित कुमार चौरसिया और ओम प्रकाश महतो के रूप में की गई है। सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में इस्लाम गुमला का जबकि अन्य सभी रांची के सुखदेव नगर के रहने वाले हैं। बरामद प्रतिबंधित सिरप की कीमत करीब दो करोड़ रुपए आंकी गई है।

इससे पूर्व इस्लाम आलम के दो भाई रेहान आलम और एहसान आलम को अवैध कोरेक्स सिरप के कारोबार एवं खरीद बिक्री के आरोप में जेल भेजा जा चुका है। बताया कि गुमला में 21 सितंबर को वाहन जांच के दौरान प्रतिबंधित दवा ओनरेक्स सिरप के साथ इस्लाम आलम को पकड़ा गया था। इसके बाद इस्लाम की निशानदेही पर विशेष पुलिस टीम का गठन कर रांची पुलिस के सहयोग के भारी मात्रा में कफ सिरप बरामद किया।
 

Diksha kanojia