रामविलास पासवान के निधन पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया शोक

10/9/2020 11:12:31 AM

 

रांचीः केन्द्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर गुरूवार को झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और भाजपा के केन्द्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास सहित तमाम लोगों ने गहरा दुख प्रकट किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर गहरा दुःख एवं शोक प्रकट किया है और कहा कि वह कुशल राजनेता थे तथा कई दशकों से संसद में रहे। उन्होंने कहा कि वह दलित एवं पिछड़ों के प्रतिनिधि के रूप में जाने जाते थे।'' उन्होंने प्रार्थना की कि ईश्वर उनकी आत्मा को चिरशांति प्रदान करें तथा उनके परिजनों को इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए कहा कि रामविलास पासवान जी लंबे समय तक सांसद रहे। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने ट्विटर पर अपने शोक संदेश में कहा कि शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। अपने शोक संदेश में केन्द्रीय मंत्री और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि लोजपा के संस्थापक और वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री रामविलास पासवान जी के निधन की खबर सुनकर मर्माहत हूं। भगवान उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदना।

इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपने शोक संदेश में कहा कि केंद्रीय मंत्री और जननेता रामविलास पासवान जी के निधन से मर्माहत हूं। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दे और उनके परिजनों को यह पीड़ा सहने की शक्ति दे। ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने अपने शोक संदेश में कहा, कि देश के अनुभवी नेताओं में शुमार, राजनीति की लंबी पारी खेलने वाले केंद्रीय मंत्री आदरणीय रामविलास पासवान जी के निधन की खबर से दुःखी हूं। उनसे हमेशा आत्मीय संबंध रहे और सीखने का मौका भी मिला।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static