Ghatshila By-Election: दोपहर होते ही बूथों पर बढ़ने लगी मतदाताओं की संख्या, 1 बजे तक 54.08 प्रतिशत मतदान दर्ज

Tuesday, Nov 11, 2025-02:32 PM (IST)

Ghatshila By-Election 2025: घाटशिला विधानसभा सीट पर अभी तक शांतिपूर्ण ढंग से मतदान जारी है। सुबह से ही मतदान केंद्र पर मतदाताओं की भीड़ उमड़ रही है। लोगों में मतदान को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है।

भारी संख्या में पुरुष और महिलाएं दोनों ही मतदान करने पहुंच रहे हैं। वहीं बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता व्हीलचेयर की मदद से मतदान केंद्र पहुंच रहे हैं। वहां पर मौजूद वालंटियर हर तरह से उनकी मदद कर रहे हैं। अब दोपहर का समय हो गया है इसी के साथ ही मतदाताओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं, घाटशिला के बूथ संख्या-1 नरसिंहपुर मध्य विद्यालय में ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण मतदान आधे घंटे देर से शुरू हो सका। हालांकि चुनाव कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए समस्या को शीघ्र ही दूर किया, जिसके बाद मतदान सामान्य रूप से चलता रहा।

बता दें कि झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के आकस्मिक निधन से खाली हुई इस सीट पर अब उनके बेटे सोमेश चंद्र सोरेन मैदान में हैं और भाजपा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन ताल ठोक रहे हैं। दोनों ही संताल समाज से आते हैं। इसलिए संभावना है कि आदिवासी मत दोनों तरफ जाएगा। भाजपा के अपने सहयोगी लोजपा के सहारे चार प्रतिशत दलित मतों को साथ लाने की कोशिश में हैं। झामुमो गठबंधन के मुस्लिम मंत्री भी अल्पसंख्यक मतों को अपने पाले में लाने के लिए लगे हैं, लेकिन भाजपा आदिवासी मतों के अलावा कुड़मी, पिछड़ी और अन्य दलित मतों पर नजर रख रही है। चंपाई के गहरे मित्र विद्युतवरण महतो की भी इस क्षेत्र में काफी पकड़ है। वे तीन बार से जमशेदपुर लोकसभा के सांसद भी हैं।

ज्ञात हो कि दिवगंत शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन एक साल से ज्यादा समय से किडनी संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। उनका 15 अगस्त को एक अस्पताल में निधन हो गया था। इसी के कारण घाटशिला सीट पर उपचुनाव कराने की आवश्यकता पड़ी।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

static