Ghatshila By-Election: ठंड के बावजूद वोटरों में उत्साह, स्वेटर पहन और शॉल ओढ़कर पहुंच रहे मतदान करने
Tuesday, Nov 11, 2025-11:56 AM (IST)
Ghatshila By-Election: घाटशिला विधानसभा सीट पर मतदान जारी है। मतदान शाम 5 बजे खत्म होगा। मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। वहीं, राज्य में ठंडक भरे मौसम में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं का तांता लगा हुआ है।
मतदान करने स्वेटर पहन और शॉल ओढ़कर पहुंच रहे लोग
स्वेटर पहन और शॉल ओढ़कर वोटर्स मतदान करने पहुंच रहे हैं। मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें नजर आ रही हैं। पुरुष और महिलाएं दोनों ही मतदान करने पहुंच रहे हैं। वहीं बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता व्हीलचेयर की मदद से मतदान केंद्र पहुंच रहे हैं। वहां पर मौजूद वालंटियर हर तरह से उनकी मदद कर रहे हैं। इस बार महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। मतदाता सूची में 100 से 109 वर्ष आयु वर्ग की 3 महिलाएं, 90 से 99 वर्ष की 129 महिलाएं, 80 से 89 वर्ष की 934 और 70 से 79 वर्ष आयु वर्ग की 4,021 महिला मतदाता शामिल हैं, जो अपने मत का प्रयोग करेंगी।
बता दें कि झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के आकस्मिक निधन से खाली हुई इस सीट पर अब उनके बेटे सोमेश चंद्र सोरेन मैदान में हैं और भाजपा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन ताल ठोक रहे हैं। दोनों ही संताल समाज से आते हैं। इसलिए संभावना है कि आदिवासी मत दोनों तरफ जाएगा। भाजपा के अपने सहयोगी लोजपा के सहारे चार प्रतिशत दलित मतों को साथ लाने की कोशिश में हैं। झामुमो गठबंधन के मुस्लिम मंत्री भी अल्पसंख्यक मतों को अपने पाले में लाने के लिए लगे हैं, लेकिन भाजपा आदिवासी मतों के अलावा कुड़मी, पिछड़ी और अन्य दलित मतों पर नजर रख रही है। चंपाई के गहरे मित्र विद्युतवरण महतो की भी इस क्षेत्र में काफी पकड़ है। वे तीन बार से जमशेदपुर लोकसभा के सांसद भी हैं।
ज्ञात हो कि दिवगंत शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन एक साल से ज्यादा समय से किडनी संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। उनका 15 अगस्त को एक अस्पताल में निधन हो गया था। इसी के कारण घाटशिला सीट पर उपचुनाव कराने की आवश्यकता पड़ी।

