सांसद संजय सेठ की पहल पर कोरोना संक्रमितों के बीच हुआ 9500 भोजन के पैकेट का नि:शुल्क वितरण

5/10/2021 7:55:22 PM

 

रांचीः झारखंड में भारतीय जनता पार्टी के रांची के सांसद संजय सेठ के माध्यम से कोरोना संक्रमितों के बीच भोजन वितरण का कार्य राजधानी में 23वें दिन भी अनवरत जारी रहा। 23वें दिन लगभग 400 से अधिक नि:शुल्क भोजन पैकेट रांची शहर के लोगों के लिए भेजा गया। इस दौरान सांसद सेठ खुद होटल ग्रीन होरिजन में मौजूद रहे और उन्होंने भोजन वितरण की पूरी व्यवस्था देखी, उसकी समीक्षा की। कार्यकर्ताओं के साथ विमर्श भी किया।

सेठ ने सोमवार को बताया कि रांची में अपने घरों में रह रहे कोरोना संक्रमित नागरिकों के भोजन की व्यवस्था करने का यह कार्यक्रम 18 अप्रैल से चल रहा है और आने वाले समय में जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाए, तब तक यह कार्यक्रम चलेगा। आज 23वें दिन 400 से अधिक भोजन पैकेट रांची के विभिन्न परिवारों में भेजे गए। उन्होंने बताया कि इन 23 दिनों में लगभग 9500 से अधिक नि:शुल्क भोजन पैकेट लोगों को उपलब्ध करवाया गया, जिसमें चावल, दाल, सब्जी, रोटी, ब्रेड, बिस्किट, फल व दूध शामिल हैं।

सेठ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी, युवा मोर्चा रांची महानगर के कार्यकर्ता विशेष धन्यवाद के पात्र हैं, जिन्होंने घर-घर तक भोजन पहुंचाने का कार्य काफी सुगमता पूर्वक किया। कोरोना संक्रमितों के घर तक भोजन पहुंचाने का कार्य निश्चित रूप से थोड़ा मुश्किल था परंतु युवा मोर्चा के देवदूतों ने इसे भी आसान किया और सबके घरों तक भोजन पहुंचाया। वही इस पूरी व्यवस्था के लिए सेठ ने होटल ग्रीन होराइजन के सीएमडी चंद्रकांत रायपत के प्रति भी आभार जताया।

सांसद ने आगे कहा कि यह कार्य निश्चित रूप से ईश्वरीय कार्य है, ऐसे लोग जो अपने अपने घरों में हैं। कोरोना से संक्रमित हैं। उनका कोई मददगार नहीं है, ऐसे लोगों के बीच भोजन पहुंचाने का कार्य करना हमारे लिए बड़े सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन ऐसे कई फोन कॉल आते हैं और लोग फोन करके खूब आशीर्वाद, खूब शुभकामनाएं देते हैं और धन्यवाद भी देते हैं। सेठ ने बताया कि राँची शहर की स्थिति जब तक सामान्य नहीं हो, तब तक भोजन उपलब्ध कराने का यह कार्य अनवरत चलता रहेगा। भोजन वितरण की व्यवस्था में लगे युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रांची को छह जोन में बांटकर भोजन वितरण की व्यवस्था देखनी शुरू की और इससे काम बहुत आसान होता चला गया।

भोजन वितरण की व्यवस्था संभाल रहे अक्षय पल्लव बताते हैं कि भोजन के लिए बेंगलुरु, मुंबई, नई दिल्ली, कोलकाता, पटना, सिंगापुर सहित कई राज्यों व देशों से फोन आ रहे हैं। जिनके परिजन रांची में रहते हैं और उनका कोई मददगार नहीं है। ऐसे लोगों को उनके घरों तक हम भोजन पहुंचाने का काम कर रहे हैं। वही राहुल सिन्हा व अमन जायसवाल बताते हैं कि घर तक भोजन पहुंचाने के बाद लोग माननीय सांसद महोदय के प्रति आभार जताते हैं और खूब आशीर्वाद देते हैं।

Content Writer

Diksha kanojia