झारखंड BJP के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रो. दुखा भगत का कोरोना से निधन, CM हेमंत ने जताया दुख

4/23/2021 3:46:16 PM

रांचीः झारखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रो. दुखा भगत का आज यहां राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में निधन हो गया।

रिम्स सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण भगत को कुछ दिन पूर्व अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज के क्रम में आज उनकी मौत हो गई। इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोहरदगा के पूर्व सांसद प्रो. भगत के निधन पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने परमात्मा से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवार को दु:ख की इस घड़ी को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

भाजपा के वरीय नेता एवं केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान समेत अन्य नेताओं ने प्रो. भगत के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

Content Writer

Ramanjot