चतरा: करोड़ो की दवा एवं उपकरण खरीद घोटाले का मुख्य अभियुक्त पूर्व सिविल सर्जन गिरफ्तार

3/24/2021 2:13:13 PM

चतरा: झारखंड की चतरा जिला पुलिस ने करोड़ों रुपये मूल्य की दवा और उपकरण खरीद घोटाला मामले में पूर्व सिविल सर्जन डॉ. अमरनाथ प्रसाद को लातेहार जिले के बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से गिरफ्तार कर लिया है।       

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यहां बताया कि डॉ. प्रसाद पर आरोप है कि उन्होंने वर्ष 2013 में चतरा सिविल सर्जन के पद पर रहते हुए सरकारी नियमो के विरुद्ध एक करोड़ 21 लाख 80 हजार 995 रुपये का लोकल मेड जेनेरेटर सेट, एयरकंडीशनर एवं दवाइयों की खरीदारी की थी। तत्कालीन उपायुक्त मनोज कुमार के निर्देश पर जांच के बाद मामला सत्य पाया गया था, जिसके बाद तात्कालीन सिविल सर्जन बिनोद कुमार उरांव ने अमरनाथ प्रसाद के विरुद्ध चतरा सदर थाना में कांड संख्या 143/2013 दर्ज कराया था। मामला दर्ज होने के बाद से डॉ. प्रसाद लगातार फरार चल रहे थे।       

इस मामले में चतरा के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में चल रहे मामले को लेकर डॉ. प्रसाद की अग्रिम जमानत याचिका झारखंड उच्च न्यायालय ने 02 सितंबर 2015 को खारिज कर दी थी। करोड़ों रुपये के घोटाले का मुख्य आरोपी होने के बावजूद डॉ. प्रसाद को वर्ष 2015 में लातेहार जिले के बालूमाथ प्रखंड में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी बना दिया गया।       

वहीं, चतरा के पुलिस अधीक्षक ऋषभ झा ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध चतरा सदर थाना में मामला दर्ज था। वह वर्षों से फरार चल रहे थे। इस मामले में झारखंड उच्च न्यायालय और सुप्रीम कोर्ट ने भी आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। डॉ. प्रसाद की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रसाद को बालूमाथ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर कोविड-19 जांच के बाद जेल भेज दिया गया।

Content Writer

Umakant yadav