कड़ी सुरक्षा के बीच BJP के पूर्व विधायक को दुमका जेल में किया गया शिफ्ट, पत्नी रागिनी ने कही ये बात

2/22/2021 4:24:17 PM

 

दुमकाः झारखंड में कड़ी सुरक्षा के बीच झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह को धनबाद मंडलकारा से दुमका जेल शिफ्ट कर दिया गया। बताया जा रहा है कि सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से जेल आईजी के निर्देश पर आनन फानन में यह कार्रवाई की गई है। वहीं कोयलांचल में इस कार्रवाई को राजनीतिक के तराजू पर तौल कर देखा जा रहा है। रविवार को संजीव सिंह के दुमका जेल शिफ्ट करने की सूचना पर सैंकड़ो समर्थक सुबह से ही धनबाद जेल के गेट के बाहर डटे हुए थे।

संजीव सिंह को लेकर पुलिस वेन जैसे ही जेल गेट से बाहर निकली समर्थक उनके पीछे दौड़ पड़े। उन्हें दुमका जेल भेजने की इस कार्यवाही पर उनके समर्थकों ने कड़ा एतराज जताया है। बात दें कि भाजपा के पूर्व विधायक पहले रांची होटवार जेल में थे। जहां से हाई कोर्ट के आदेश पर उन्हें धनबाद जेल शिफ्ट किया गया था और आज अचानक आनन फानन में उन्हें धनबाद जेल से दुमका जेल भेज दिया गया। पूर्व विधायक संजीव सिंह की पत्नी भाजपा नेत्री रागिनी सिंह ने अपनी ही गोतनी झरिया की वर्तमान कांग्रेस विधायक पर साजिश का आरोप लगाया है। धनबाद जिला भाजपा की ओर से रागिनी सिंह द्वारा अपने आवास सिंह मेंशन में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया जिसमें भाजपा धनबाद जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह सहित कई भाजपा नेता मौजूद थे।

इस दौरान भाजपा नेत्री रागिनी सिंह ने बिना नाम लेते हुए झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह पर साजिश कर पति और पूर्व विधायक संजीव सिंह को धनबाद जेल से दुमका जेल भिजवाने का आरोप लगाया। इसमें जेल प्रशासन पर भी साजिश का आरोप लगाया। साथ ही राज्य सरकार को भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया। रागिनी ने कहा कि हमारे पति और झरिया के पूर्व विधायक बीमार थे। उनके इलाज के लिए याचिका दायर की गयी थी, तब जेल प्रशासन ने किस नियम के मुताबिक उन्हें दुमका जेल भेज दिया। उन्होंने कहा कि संजीव सिंह को जान का खतरा है, अगर संजीव सिंह को खरोंच भी आई तो हम ईंट से ईंट बजा देंगे।

Content Writer

Diksha kanojia