Giridih News... नाइजर में बंधक बनाए गए थे झारखंड के पांच श्रमिक, 8 महीने बाद सकुशल लौटे भारत

Saturday, Jan 10, 2026-12:56 PM (IST)

Giridih News: पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजर में कथित तौर पर अगवा किए गए झारखंड के पांच श्रमिक आठ महीने तक बंधक रहने के बाद शुक्रवार को भारत लौट आए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

आठ महीने बंधक रहने के बाद श्रमिक रिहा
झारखंड श्रम विभाग के तहत संचालित राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष की प्रमुख शिखा लाकड़ा ने पुष्टि की कि झारखंड के गिरिडीह जिले के बगोदर के रहने वाले पांचों श्रमिक सुरक्षित मुंबई पहुंच गए हैं। लाकड़ा ने कहा, "वर्तमान में पांचों मुंबई में हैं, जहां उनकी अनिवार्य स्वास्थ्य जांच और आवश्यक सरकारी व कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। वे 14 जनवरी को अपने घर लौटेंगे।" गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव ने संवाददाताओं को बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष और विदेश मंत्रालय के संयुक्त प्रयासों से इन प्रवासियों की सुरक्षित वापसी संभव हो सकी है। उन्होंने कहा, "हमें निजी कंपनी के अधिकारियों से सूचना मिली कि आठ महीने बंधक रहने के बाद श्रमिकों को रिहा कर दिया गया और वे शुक्रवार को विमान से मुंबई पहुंचे।"

गिरिडीह के सहायक श्रम आयुक्त प्रवीण कुमार ने बताया कि 27 अप्रैल, 2025 को राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली थी कि नाइजर में ‘ट्रांसमिशन लाइन' बिछाने वाली एक निजी कंपनी के लिए काम कर रहे बगोदर थाना क्षेत्र के पांच श्रमिकों का अपहरण कर लिया गया है। इन श्रमिकों की पहचान फलजीत महतो, राजू कुमार, चंद्रिका महतो, संजय महतो और उत्तम महतो के रूप में हुई। कुमार ने जानकारी दी कि इन श्रमिकों को जनवरी से मार्च 2025 तक प्रति माह 550 अमेरिकी डॉलर (लगभग 47,620 रुपये) वेतन दिया गया था। तीन महीने का कुल वेतन 1,42,857 रुपये है। उन्होंने यह भी बताया कि फंसे हुए श्रमिकों के परिवारों को 17,000 रुपये की मासिक सहायता मिल रही थी और उन्हें विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static