जामताड़ा पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता, छापेमारी के दौरान 5 साइबर अपराधी गिरफ्तार

3/6/2021 10:05:29 AM

जामताड़ाः झारखंड में जामताड़ा जिला पुलिस ने शुक्रवार को पांच कुख्यात साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिन्हा ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सूचना के आधार पर जामताड़ा साइबर थाना की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अपराधियों में राहुल मंडल, हरेंद्र कुमार मंडल, वीरेंद्र कुमार मंडल, अनिल कुमार मंडल और विक्रम मंडल शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार सभी अपराधी वर्ष 2015 से ही यह साइबर अपराध की दुनिया में सक्रिय थे तथा पूर्व में जेल भी जा चुके हैं। इनके पास से तीन लाख 37 हजार 500 रुपए, कार समेत अन्य सामान मिला है।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तार अपराधियों ने देश के कई अलग-अलग हिस्सों में लोगों से ठगी कर करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है और इनके खिलाफ देशभर के कई अलग-अलग थानों में दर्जनों मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है।

Content Writer

Ramanjot