कड़ी सुरक्षा में विशेष विमान से रांची पहुंची कोरोना वैक्सीन की पहली खेप

1/13/2021 5:50:46 PM

रांचीः कोविड-19 वैक्सीन की पहली खेप बुधवार की सुबह झारखंड की राजधानी रांची पहुंच गई। राजधानी रांची रांची के बिरसा मुंडा हवाईअड्डे में सुबह करीब नौ बजे उस वक्त कोरोना वैक्सीन के इंतजार की घड़ियां खत्म हो गई हैं, जब सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ पुणे द्वारा निर्मित कोविड वैक्सीन को विशेष कार्गो विमान से रांची लाया गया।

कड़ी सुरक्षा के बीच वैक्सीन को रांची के नामकुम स्थित आरसीएच वैक्सीन सेंटर ले जाया गया। यहीं से विभिन्न जिलों को वैक्सीन भेजने की व्यवस्था की गई है। टीकाकरण 16 जनवरी को देश भर में एक साथ शुरू होगा। जानकारी के मुताबिक, सबसे ज्यादा डोज रांची और पूर्वी सिंहभूम जिले को मुहैया कराई जाएगी। टीकाकरण को लेकर रांची जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई है। सदर अस्पताल में भंडारण एवं वितरण की तैयारी है। सेंटर में कोल्ड चेन को मेंटेन करने के लिए डीप फ्रीजर लगाया गया है।

पहली खेप में 16 हजार वायल टीके है। एक वायल से दस लोगों को टीका दिया जाएगा। राज्य में 275 वैक्सीन सेंटर बनाए गए हैं। राज्य में 129 केंद्रों में वैक्सीनेशन की शुरुआत हो रही है। टीकाकरण के पहले दिन 129 केंद्रों पर 100-100 लोगों को टीका दिया जाएगा। 275 वैक्सीन सेंटर में एक स्टेट, तीन रीजनल, 24 जिलों के अलावा 258 सीएचसी और पीएचसी को सेंटर बनाया गया है।

Diksha kanojia