पलामू: भूमि विवाद के कारण पूर्व विधायक पर चली गोली, बाल-बाल बचे

8/14/2022 4:42:53 PM

 

मेदिनीनगरः पलामू जिले में भूमि विवाद को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक संजय कुमार सिंह यादव पर उनके विरोधी पक्ष के एक व्यक्ति ने शुक्रवार को गोली चला दी, जिसमें वह बाल-बाल बच गए।

हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस अधिकारी पूज्य प्रकाश ने बताया कि यह घटना तब हुई, जब हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के मेहदीपुर में पूर्व विधायक का भाई अभय यादव अपना खेत जोतने गया था। उन्होंने बताया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थानीय नेता वशिष्ठ सिंह उर्फ बबलू सिंह ने अभय के खेत जोतने का विरोध किया, जिससे विवाद बढ़ गया। इस विवाद की सूचना मिलने पर दोनों पक्ष के लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए और आरोप है कि बबलू सिंह ने राइफल से संजय यादव पर गोली चलाई, जो उनके सिर के ऊपर से निकल गई।

इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई और इस दौरान अनेक लोगों को गंभीर चोट आईं। प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर राइफल जब्त कर ली है और मामले की जांच जारी है। इस घटना में चार लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है, लेकिन अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

Content Writer

Diksha kanojia