किसान विरोधी फरमान से किसान परेशान: भाजपा प्रदेश महामंत्री

12/5/2020 1:02:43 PM

रांचीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने कहा कि हेमंत सरकार अपने तुगलकी फरमानों, जनविरोधी फैसलों के लिए प्रसिद्ध होती जा रही और यह पता ही नहीं चलता कि राज्य कौन चला रहा है।

साहू ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य सरकार अराजक स्थिति से गुजर रही है। ऐसा लगता है कि प्रदेश में तीन या चार मुख्यमंत्री हैं। एक मुख्यमंत्री धान की क्रय की व्यवस्था पर वाहवाही लेते हैं तो वित्त मंत्री और कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष धान की खरीद पर रोक लगाने का तुगलकी फरमान जारी कर देते है। जबकि कृषि मंत्री इन सब से बेपरवाह छत्तीसगढ़ घूमने में मशगूल हैं। सरकार के ऐसे जनविरोधी निर्णय से किसान हताश और निराश है। ट्रैक्टर रैली से किसानों को दिग्भ्रमित करने वाले फर्जी किसानों की पोल खुल चुकी है।

भाजपा नेता ने कहा कि कोरोना काल में भी किसानों ने मेहनत कर धान की भरपूर पैदावार की है। जबकि किसानों को महंगे खाद बीज खरीदने पड़े है। लेकिन खरीद पर रोक लगने से किसानों को आर्थिक संकट की स्थिति पैदा हो गई। झारखंड की 80 प्रतिशत आबादी खेती किसानी पर आश्रित है।

Diksha kanojia