द्रौपदी मुर्मू की अपील- लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हर कोई अपनी जिम्मेदारियों का करे निर्वहन

1/26/2021 3:26:00 PM

 

रांचीः झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हर किसी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने सोमवार को कहा कि लोकतंत्र का आधार ही जनमत है। मुर्मू ने आर्यभट्ट सभागार में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 11वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हर किसी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।

राज्पाल ने कहा कि मतदान की प्रक्रिया में साफ स्वच्छ वातावरण और पारदर्शिता को बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का आधार जनमत है और जनमत का आधार है मतदान। राज्यपाल ने स्टेट आइकान पद्मश्री मुकुंद नायक, अशुंता लकड़ा एवं अजय मल्कानी सहित दिव्यांग मतदाताओं, वरिष्ठ मतदाताओं को सम्मानित किया। वहीं 18 वर्ष पूरा कर पहली बार मत का अधिकार प्राप्त करने वाले युवाओं को मतदान पहचान पत्र सौंपा।

कार्यक्रम में राज्यपाल मुर्मू ने पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में मतदाताओं को जागरूक करने की दिशा में सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर सभी प्रण लें कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुद्दढ़ बनाये रखने के अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगें। इस अवसर पर ई- एपिक लांच किया गया जिसके माध्यम से अब वोटर अपने मोबाइल पर ही मतदान पहचान पत्र प्राप्त कर सकेंगे।
 

Diksha kanojia