झारखंड में एक घर से पन्ना जैसा 510 ग्राम का पत्थर बरामद, 7.8 लाख रुपये मिले नकद

3/13/2023 4:21:58 PM

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर झारखंड के घाटशिला अनुमंडल के अंतर्गत एक गांव में छापेमारी के दौरान एक बिना पॉलिश किया हुआ पन्ना जैसा पत्थर और 7.80 लाख रुपये से अधिक की नकदी जब्त की है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

इस पत्थर का वजन 510 ग्राम है
हथियापाटा गांव में बीते रविवार को यह जब्ती की कार्रवाई हुई। गांव गोरबांधा ब्लॉक में है, जो अपने पन्ना भंडार के लिए जाना जाता है। यह पूर्व में माओवादियों का गढ़ रहा है और ऐसी खबरें थीं कि पहले यहां कीमती पत्थरों का अवैध रूप से खनन किया जाता था। बिना कटे हुए इस पत्थर का वजन 510 ग्राम है और इसे 190 ग्राम अन्य सामग्री के साथ जब्त किया गया, जो मिट्टी की तरह दिखती है और इसे प्लास्टिक की थैली में रखा गया था।

घर से नकदी के अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त
प्रखंड विकास अधिकारी सह अंचल अधिकारी (बीडीओ) स्मिता नागेशिया ने बताया कि छापे के दौरान घर से नकदी के अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। मकान मालिक जब्त पत्थर से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। हालांकि, उस व्यक्ति ने कहा कि उसका बेटा पन्ना के अवैध खनन में शामिल है और रत्नों का कारोबार करता है। उन्होंने कहा कि जब्त किए गए मोबाइल फोन की बाद में की गई जांच में पन्ना की तस्वीरें और वीडियो सामने आए। व्यक्ति का बेटा फरार है और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

आरोपी को पकड़ने के लिए चलाया जाएगा तलाश अभियान  
छापा मारने वाली नागेशिया ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए तलाश अभियान भी चलाया गया। उन्होंने कहा, ‘‘हम जब्त वस्तुओं को जांच के लिए हजारीबाग स्थित राजकीय भूवैज्ञानिक प्रयोगशाला भेज रहे हैं।'' बीडीओ ने कहा कि रांची की एक टीम ने हाल में गोराबांधा में कीमती रत्नों के जमा होने का आकलन किया था। रिपोर्ट का इंतजार है। जिला उपायुक्त विजया जाधव ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में कीमती पत्थरों के अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया। 

Content Editor

Khushi