पलामू: जमीन को लेकर हुए झगड़े में दो महिलाओं सहित 8 लोग घायल

9/7/2020 1:29:25 PM

मेदिनीनगरः पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के झाबर गांव में रविवार को भूमि विवाद को लेकर हुए झगड़े में दो महिलाओं सहित आठ लोग घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि जैनुद्दीन अंसारी जेसीबी की मदद से अपनी जमीन खुदवा रहा था, तभी दूसरे पक्ष के लोग उसे रोकने पहुंच गए। कहासुनी से शुरू हुआ विवाद जल्दी ही मारपीट में बदल गया। उन्होंने बताया कि लाठी-डंडे से हुई मारपीट में दोनों पक्ष के चार-चार लोग घायल हुए हैं।

मेदिनीनगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि एक पक्ष के जैनुद्दीन अंसारी, रशीद अंसारी और महिला सहोदर बीबी तथा दूसरे पक्ष के शरीफ मियां, हदीश अंसारी, बिलाल अंसारी और महिला शबीना खातुन को चोटें आई हैं।

पुलिस ने आगे बताया कि घायलों में से चार को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों को निकटवर्ती तुम्बागङा स्थित मिशनरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर रही है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर यथाशीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
 

Diksha kanojia