विशेष विमान से रांची लाए गए शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो, CM हेमंत ने किया स्वागत

6/15/2021 10:09:58 AM

 

रांचीः कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद उपचार के लिए चेन्नई भेजे गये झारखंड के शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद सोमवार शाम को विशेष विमान से रांची पहुंचे। मुख्यमंत्री के प्रवक्ता ने बताया कि हेमंत सोरेन ने शाम सात बजे यहां बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर जाकर अपने कैबिनेट सहयोगी शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का चेन्नई से विशेष विमान से यहां पहुंचने पर स्वयं स्वागत किया।

इससे पूर्व महतो को चेन्नई से रांची वापस लाने के लिए सोमवार को यहां से चिकित्सकों संग विशेष विमान रवाना किया गया था। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि डुमरी से झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक 55 वर्षीय जगन्नाथ महतो अब पूरी तरह स्वस्थ हो गये हैं। उन्हें सोमवार को चेन्नई से रांची लाने के लिए एक विशेष विमान सुबह नौ बजे चेन्नई के लिए भेजा गया था। मंत्री को लाने रिम्स क्रिटिकल केयर विभागाध्यक्ष डॉ. पीके भट्टाचार्य और मेडिसिन विभाग के डॉ.अजीत डुंगडुंग भी विशेष विमान से चेन्नई गये थे।

महतो 2020 में सितंबर के अंतिम सप्ताह में कोरोना से संक्रमित हुए थे। उसके बाद उन्हें रांची के मेडिका अस्पताल में गंभीरावस्था में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री सोरेन की पहल पर एमजीएम, चेन्नई के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम रांची बुलाई गई थी। इसके बाद टीम की सलाह पर जगरनाथ महतो को 19 अक्टूबर को चिकित्सकों की देखरेख में एयर एंबुलेंस से चेन्नई भेजा गया था। चेन्नई के महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर (एमजीएम) में मंत्री के कोरोना संक्रमण से खराब फेफड़ों को प्रत्यारोपित किया गया।

Content Writer

Diksha kanojia