दुमकाः डायन होने के संदेह में 1 युवक ने की महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

7/18/2020 3:56:13 PM

दुमकाः झारखंड में दुमका जिले के टोंगरा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने डायन होने के संदेह में चाकू मार कर एक महिला की हत्या कर दी। साथ ही उसके पति को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार की देर रात टोंगरा थाना क्षेत्र के पौड़ाबथान गांव के राजेश किस्कू ने डायन के संदेह में पड़ोस की की फुलमुन्नी मुर्मू को चाकू मारकर हत्या कर दी जबकि पत्नी को बचाने आये पति 45 वर्षीय रविलाल किस्कू को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों ने घायल को इलाज के लिए निकट के पश्चिम बंगाल के सिउड़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र भेज दिया।

पुलिस ने घटना के संबंध में प्रारम्भिक छानबीन के क्रम में मिली जानकारी के आधार पर बताया कि पोड़ाबथान गांव के राजेश किस्कू नामक व्यक्ति ने अपनी बीमार मां को स्वस्थ करने के लिए जानगुरू (ओझा) से झाड़ फूंक कराया था। इसके बावजूद उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद से राजेश को शक हो गया कि उसकी मां को फूलमनी ने डायन विद्या से मार दिया है। राजेश तभी से फूलमनी पर घात लगाए हुए था।

इस बीच गुरुवार की रात मौका पाकर उसने चाकू से हमला कर महिला की हत्या कर दी। शव को पोस्टमाटर्म के लिए दुमका भेज दिया गया है। इस मामले में त्वरित कारर्वाई करते हुए पुलिस ने आरोपी राजेश को गिरफ्तार कर लिया।

 

Edited By

Diksha kanojia