झारखंड के इस जिले में आवारा कुत्ते ने मचाया आतंक, 10 लोगों को काटा; 7 अस्पताल रेफर
Monday, Mar 30, 2026-06:11 PM (IST)
Jharkhand News: झारखंड के दुमका जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड में सोमवार को एक आवारा कुत्ते के हमले से कई गांवों में दहशत फैल गई। कुत्ते ने 10 लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
7 लोग अस्पताल रेफर
शिकारीपाड़ा प्रखंड के चार गांवों में सोमवार को एक आवारा कुत्ते ने 10 लोगों को काट लिया। सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक इलाज किया। चिकित्सक डॉ. स्वर्ण प्रिया लकड़ा ने बताया कि घायलों में से 7 लोगों को बेहतर इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर किया गया है। बाकी तीन लोगों का इलाज स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है।
डॉक्टरों ने लोगों से अपील की
घायलों में बच्चे, महिलाएं और युवा शामिल हैं। दो लोगों के सिर पर गंभीर चोट आई है, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है। ग्रामीणों ने पंचायत के मुखिया साइमन सोरेन के नेतृत्व में सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद एजाज आलम और अंचल अधिकारी कपिल देव ठाकुर ने घायलों की स्थिति का जायजा लिया। डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि आवारा जानवरों से सावधान रहें और काटने की स्थिति में तुरंत इलाज कराएं।

